भोपाल की विभिन्न मस्जिदों में ठहरे तीन जमातियों के पॉजिटिव आने के बाद अन्य जमातियों और उनके संपर्क में आए अन्य लोगों को क्वारैंटाइन किया जा रहा

आज 69 लोग क्वारैंटाइन किए जाएंगे 
भोपाल की विभिन्न मस्जिदों में ठहरे तीन जमातियों के पॉजिटिव आने के बाद अन्य जमातियों और उनके संपर्क में आए अन्य लोगों को क्वारैंटाइन किया जा रहा है। नगर निगम जोन-11 के जोनल अधिकारी शैलेंद्र पारे ने बताया कि नवीन नगर ऐशबाग में 11 लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। यह कोरोना पॉजिटिव जमातियों के संपर्क में आए हैं। रविवार को ऐसे ही 69 अन्य लोगों को भी क्वारैंटाइन किया जाएगा। इस क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी गई है और पुलिस किसी भी व्यक्ति को भीतर नहीं जाने दे रही है। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ही यहां आ- जा रहे हैं। 


बाग फरहत अफजा में ठहरे हैं इंडोनेशिया से आई जमात
बाग फरहत अफजा मस्जिद में इंडोनेशिया से आई हुई जमात ठहरी हुई है। इसमें 12 जमाती हैं। इसके अलावा मस्जिद सिकंदर कुली में भी प्रदेश के अन्य शहरों से आए 10 जमाती ठहरे हुए हैं। रानी अमन मस्जिद में तीन जमाती ठहरे हैं। यह तीनों पॉजिटिव हैं। 


मस्जिद अहाता रुस्तम खां को किया सेनेटाइज
श्यामला हिल्स क्षेत्र की मस्जिद अहाता रुस्तम खां को स‌ेनेटाइज किया गया। कमला पार्क, पॉलिटेक्निक और आसपास के अन्य मुख्य मार्गों पर भी साफ सफाई के साथ सेनेटाइजेशन किया गया। शहर में सेनेटाइजेशन के लिए 60 हैंड सेनेटाइजर के साथ 48 मशीनें लगाई गईं हैं। इनसे बड़े भवनों से लेकर मोहल्लों, सड़कों, गलियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों के साथ कंटेनमेंट एरिया में सेनेटाइजेशन चल रहा है। नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग का अमला इस काम में लगा हुआ है